बालोतरा।
जिले के गिड़ा थाना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध पिस्टल मय दो जिंदा कारतूस बरामद करने के साथ ही दो हथियार तस्करो को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इस साथ ही आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क तथा अवैध पिस्टल व कारतूस की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ एवं प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी कई जिलों में चल रहे हैं।
बालोतरा पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा रमेश कुमार ने बताया कि जिले के गिड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना थी कि अशोक कुमार उर्फ अशु पुत्र गंगाराम जाति जाट निवासी नरसाली नाड़ी तथा खुमाराम पुत्र खरथाराम जाति जाट निवासी पोटलियों की ढाणी, होडू के पास अवैध हथियार हैं।
इस सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम सरहद दानपुरा होदी पहुँची, जहाँ दो युवक पुलिस वाहन एवं बावर्दी जाब्ता को आते देख खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए दोनों संदिग्धों का पीछा कर उन्हें दस्तयाब किया गया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान अशोक कुमार उर्फ अशु के कब्जे से एक अवैध पिस्टल तथा खुमाराम के कब्जे से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
आरोपी कई जिलों में है वांछितः पुलिस के अनुसार आरोपी अशोक कुमार उर्फ अशु पूर्व में चोरी के प्रकरणों में थाना सिणधरी जिला बालोतरा, सायला जिला जालोर, बालेसर जिला जोधपुर ग्रामीण एवं सोजत जिला पाली से वांछित चल रहा है तथा इसके विरूद्ध पूव में एक दर्जन प्रकरण दर्ज होना ज्ञात हुआ है। जबकि आरोपी खुमाराम भी चोरी के एक प्रकरण में थाना सोजत जिला पाली से फरार है और इसके विरुद्ध पूर्व में दो प्रकरण दर्ज है।
