घटना 6 मई की बताई जा रही है, जिसका CCTV वीडियो अब सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
दोनों परिवारों को लगा रिश्तेदार है युवक
आदर्श कॉलोनी निवासी राजेश खंडेलवाल ने बताया कि उनके बेटे सचिन की शादी भरतपुर के ज्वाला रिसोर्ट में आयोजित थी। दुल्हन काजल खंडेलवाल के पिता अनिल खंडेलवाल अपने परिवार के साथ दौसा से शादी समारोह में पहुंचे थे। शादी में दोनों पक्षों के रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे।
इसी दौरान सुबह करीब 11:30 बजे एक युवक नए कपड़े पहनकर रिसोर्ट में पहुंचा। उसने सबसे पहले वहां नाश्ता किया और फिर सामान्य मेहमान की तरह पूरे समारोह में घूमता रहा। लड़की पक्ष को लगा कि युवक लड़के वालों की तरफ से आया है, जबकि लड़के वालों को लगा कि वह लड़की पक्ष का रिश्तेदार है। इसी भ्रम के कारण किसी को उस पर शक नहीं हुआ।
डेढ़ घंटे तक करता रहा रेकी
परिजनों के मुताबिक आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक रिसोर्ट में घूम-घूमकर रेकी करता रहा। वह लगातार कमरों और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए था। इसी दौरान उसने पता लगा लिया कि गहने और नकदी वाला बैग किस कमरे में रखा गया है।
जैसे ही दूल्हा-दुल्हन के फेरे शुरू हुए और परिवार रस्मों में व्यस्त हुआ, आरोपी सीधे उस कमरे तक पहुंच गया जहां कन्यादान का सामान रखा था। उसने पहले बैग को कमरे से बाहर निकाला और फिर आराम से रिसोर्ट से बाहर निकल गया।
बताया जा रहा है कि बैग में करीब 10 तोला सोने के गहने, 3 से 3.5 लाख रुपए नकद और अन्य कीमती सामान रखा था। कुल कीमत 15 से 20 लाख रुपए आंकी गई है।
साथी होने का भी शक
परिवार का कहना है कि आरोपी अकेला नहीं था। उन्हें शक है कि उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जो बाहर से उसकी मदद कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि रिसोर्ट के बाहर एक गाड़ी खड़ी थी, जिसमें बैठकर आरोपी फरार हुए।
जिस तरह से पूरी वारदात को अंजाम दिया गया, उससे यह किसी संगठित गिरोह की करतूत लग रही है।
फेरों के दौरान खुला चोरी का राज
घटना का पता उस समय चला जब फेरों के दौरान गहनों की जरूरत पड़ी। दुल्हन पक्ष के लोग जब कमरे में बैग लेने पहुंचे तो बैग वहां नहीं मिला। इसके बाद पूरे रिसोर्ट में तलाश शुरू की गई।
मामला संदिग्ध लगने पर रिसोर्ट में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। फुटेज में युवक पहले कमरे से बैग निकालकर बाहर रखते और बाद में उसे लेकर रिसोर्ट से बाहर जाते हुए दिखाई दिया।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही चिकसाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। लड़की पक्ष की ओर से गहने और नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। फिलहाल पुलिस फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
