बाड़मेर जिले में “नशा मुक्त बाड़मेर” अभियान के तहत पुलिस लगातार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सेड़वा थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त ऑपरेशन करते हुए खेत में छुपाकर रखा गया भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 38 किलो 730 ग्राम डोडा-पोस्त जब्त किया, हालांकि आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल हो गए।
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और आईजी जोधपुर के निर्देशानुसार जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम और वांटेड अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी नितेश आर्य और चौहटन डीएसपी जेठाराम के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी आदेश कुमार तथा सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गई थीं।
स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि सेड़वा थाना क्षेत्र के गांव सियोलों का डेर में एक खेत में अवैध डोडा-पोस्त छुपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस और डीएसटी टीम ने इलाके में घेराबंदी कर पूनमाराम पुत्र भारताराम के घर और खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान खेत में छुपाकर रखा गया 38 किलो 730 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए डिटेन किया है। सेड़वा पुलिस ने आरोपी पूनमाराम पुत्र भारताराम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में कांस्टेबल गंगाराम, दिनेश कुमार, जुंजाराम, आंबाराम तथा डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल प्रेमाराम, दिनेश, हरलाल, नींबसिंह, नखतसिंह, आईदानसिंह, रामस्वरूप, कमांडो संदीप और स्वरूपसिंह की अहम भूमिका रही।