बाड़मेर



राजस्थान एएनटीएफ (ANTF) टीम ने नशे के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए टैंकर में छिपाकर हैदराबाद से राजस्थान लाई जा रही एमडी बनाने के घातक ब्रोमो पदार्थ की खेप बरामद करने की महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। इसके साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।


एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि  ANTF टीम ने जहरीले मादक पदार्थ MD को बनाने के मूल घातक पदार्थ ब्रोमो की एक बड़ी खेप को पकड़ने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि यह खेप तेलंगाना के हैदराबाद इलाके से राजस्थान के गुडामालाणी इलाके में जहरीला MD बनाने के लिए लायी जा रही थी।


ANTF की टीम ने बाड़मेर जिले गुड़ामालानी के निकट स्थित रामजी का गोल कस्बे के पास से एक टैंकर में छुपा कर 6 ड्रमों में रखा लगभग 234 KG प्रतिबंधित रसायन 2-ब्रोमो को जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि यह प्रतिबंधित रसायन MD उत्पादन के लिए हैदराबाद से चोरी छुपे राजस्थान लाया गया था।



दरसअल मुखबिर ने तीन दिन पहले पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार सूचना देते हुए बताया कि भारी मात्रा में कच्चा प्रतिबंधित माल एक टैंकर में भरे राजस्थान ले जाने के लिए  जाने की पुख्ता सूचना दी। इसके साथ ही टैंकर का गुजरात का नंबर प्लेट और फोटो समेत महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। 

विकास कुमार ने बताया कि 1500 KM दूर की सुचना पर तत्काल कार्रवाई करना किसी चुनौती से कम नही था। बावजूद इसके ANTF ने जबरदस्त जुगाड़ लगाते हुए वहां के स्थानीय राजस्थानी ट्रांसपोर्ट एजेंसी से संपर्क किया। राजस्थान के लिए निकले एक ट्रक का नंबर और ड्राइवर का संपर्क कर तथा उसकी लोकेशन लेकर उसे वहीं रुकने को कहकर मुखबिर को एक टैक्सी से तत्काल वहां के लिए रवाना किया गया। 

रास्ते में ही मुखबिर ने संदिग्ध टैंकर की पहचान कर ली और उस टैंकर से आगे निकलकर सहयोगी ट्रक तक पहुँच कर उसपर सवार हो गया इसके बाद एक ट्रक में बैठे मुखबिर और आगे आगे चलता संदिग्ध टैंकर दोनों ने हैदराबाद-नांदेड़ -जलगांव-धुले- वड़ोदरा- अहमदाबाद-पालनपुर-सांचोर रामजी का गोल करीब 1500 किलोमीटर लंबी की दूरी आगे पीछे ही तय की। उन्होंने बताया कि राजस्थान सीमा में प्रवेश होते ही ANTF की टीम दम साधे पहले ही इंतजार करती खडी थी।

इसके बाद जैसे ही टैंकर तो पहचान में आ गया पर योजना यह बनायी गयी कि इस टैंकर को मंजिल तक पहुँचने दिया जाए ताकि मुख्य षडयंत्रकर्ताओं तथा उनके अड्डे तक पहुंचा जा सके। इसके बाद सांचोर से पीछा करते करते ANTF रामजी का गोल तक आ गयी। वहां महादेव होटल के पास टैंकर लगाकर दोनों आरोपी गायब हो गए। आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने की जुगत में ANTF की टीम लम्बे समय तक इंतजार करती रही लेकिन मुख्य आरोपियों के सामने न आने और दोनों टैंकर चालकों के फरार होने की आशंका के चलता ANTF ने धावा बोलकर टैंकर को कब्जे में ले लिया।

इसके बाद टैंकर की तलाशी लेने पर 6 ड्रमों में 12 पैकेट्स में सजाकर रखा कच्चा माल 234 KG के लगभग ब्रोमो जब्त बरामद किया गया। इसके बाद ANTF की टीम ने तत्काल NCB की टीम को मौके पर बुलाकर जब्ती और आगामी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी। इस दौरान ANTF ने दिनेश पुत्र भागीरथ राम जाति विश्नोई उम्र 28 साल निवासी रोहिल्ला पश्चिम पुलिस थाना सेड़वा जिला बाड़मेर , कमलेश पुत्र सदाराम जाति विश्नोई उम्र 30 साल निवासी हिरकन का मीठड़ा खुर्द पुलिस थाना धोरीमन्ना जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया है। फिलहाल ANTF और NCB की टीमें साथ मिलकर जब्ती और पूछताछ की प्रक्रिया में लगी हुई हैं।

क्या होता है ब्रोमोः- आम बोलचाल में ब्रोमो कहा जाने वाला रसायन वास्तव में 2 ब्रोमो 4 मेथाप्रोपीफेनॉन होता है। MD नामक सिंथेटिक ड्रग बनाने के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण घटक रसायन होता है। इसकी घातकता को देखते हुए भारत सरकार ने इसे नियंत्रित और प्रतिबंधित कर रखा है। विशेषज्ञों के अनुसार बरामद ब्रोमो से लगभग 60 KG MD बनायीं जा सकती है। व्यापारिक रूप से 1 KG MD का बाजार मूल्य 30 लाख से ऊपर बताया जाता है। इस तथ्य से अनुमान लगाया जा सकता है कि कितने बड़े पैमाने पर कई एक करोड़ों का जहर बनाने की घिनौनी साजिश रची गयी थी जिसे सजग, सतर्क और मुस्तैन ANTF की टीमों ने पूरी तरह विफल कर दिया।