बाड़मेर जिले में एएनटीएफ टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 किलो 10 ग्राम अफीम का दूध और 308 ग्राम विनिर्मित अफीम बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि शिव थाना क्षेत्र के रणकदेव धारवी कला गांव में एक व्यक्ति अपने खेत में बने पशुओं के चारे के कमरे में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा हुआ है। सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान खेत में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला, जो पुलिस टीम को देखकर घबराने लगा। इस पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर खेत में बने कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की थैलियों में रखा हुआ अवैध मादक पदार्थ अफीम का दूध और विनिर्मित अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से आरोपी श्यामसिंह पुत्र बेरीसा सिंह निवासी रणकदेव धारवी कला, शिव को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे भी बड़े खुलासे होने की संभावना है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।