बालोतरा
परियोजना पोकरण-फलसूण्ड-बालोतरा-सिवाना की मुख्य पाइपलाइन से अवैध रूप से पानी चोरी कर व्यापार करने वालों के खिलाफ विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के भीमरलाई गांव में तीन लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया है।
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा ने बताया कि परियोजना खंड बालोतरा के अधिकारियों द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीन टीमें गठित की गई थीं। सहायक अभियंता राकेश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने भीमरलाई गांव में कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को अवैध कनेक्शन के माध्यम से पानी चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। वहीं एक अन्य व्यक्ति को अवैध कनेक्शन के जरिए टैंकर में पानी भरते हुए पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान जवाराराम प्रजापत की दुकान के पास बने बाड़े में चोरी छिपे पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन कर पानी भरते पाया गया। इसी प्रकार कहाराराम प्रजापत पुत्र विरभाराम प्रजापत को भी अवैध कनेक्शन के जरिए बिना पंजीकरण वाले टैंकर में पानी भरते हुए पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा मुख्य विभागीय लाइन पर अवैध कनेक्शन लगाकर पानी चोरी की जा रही थी, जिससे आमजन के पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ रहा था। मामले में पुलिस थाना पचपदरा में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। साथ ही पानी चोरी में प्रयुक्त दो टैंकर एवं अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
विभाग ने आरोपियों को जुर्माना एवं पेनल्टी राशि जमा करवाने के नोटिस जारी किए हैं। इसमें जवाराराम प्रजापत पर करीब 1.93 लाख रुपये तथा कहाराराम प्रजापत पर लगभग 1.28 लाख रुपये की पेनल्टी निर्धारित की गई है। राशि जमा नहीं कराने की स्थिति में पीडीआर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्य पाइपलाइन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा पानी चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि जहां कहीं पानी चोरी या अवैध कनेक्शन की जानकारी मिले, उसकी सूचना विभाग को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
