अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर पुलिस रेंज के निर्देशानुसार जिले में “नशा मुक्त बाड़मेर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत डीएसपी जेठाराम के सुपरविजन में बाखासर थानाधिकारी राजुराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सारला गांव के प्रभात नगर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नरसींगाराम पुत्र देवाराम के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में रखे प्लास्टिक कट्टों से 32 किलो 650 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी नरसींगाराम को मौके से डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
गौरतलब है कि सारला गांव भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक स्थित है। ऐसे में पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि डोडा-पोस्त किस रास्ते से इस इलाके तक पहुंचा। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से देख रही हैं।
इस कार्रवाई में हैड कांस्टेबल पीराराम, कांस्टेबल जगदीश, दिनेशसिंह, कंवराराम और देरामाराम की अहम भूमिका रही।
