बालोतरा
जिले में परियोजना पोखरण-फलसूण्ड-बालोतरा-सिवाना की मुख्य पाइप लाइनों से अवैध रूप से पानी चोरी कर व्यापार करने वालों के खिलाफ विभागीय अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-टैंकर सहित चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है। मामले में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा ने बताया कि 8 मई को परियोजना खण्ड बालोतरा के अधिकारियों द्वारा अवैध रूप से पाइपलाइन से पानी चोरी करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस दौरान सहायक अभियंता राकेश शर्मा एवं के.एल. बैरवा द्वारा मुख्य पाइप लाइन की पेट्रोलिंग की जा रही थी। पेट्रोलिंग के दौरान बागुंडी गांव के खारापार क्षेत्र में एयर वाल्व को नुकसान पहुंचाकर ट्रैक्टर-टैंकर से अवैध रूप से पानी भरकर बेचने का मामला सामने आया। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जोगाराम पुत्र घेवाराम निवासी भीलों की ढाणी, बागुंडी को ट्रैक्टर-टैंकर सहित पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान चालक ने ट्रैक्टर भगाने की कोशिश की तथा जानबूझकर अधिशाषी अभियंता बाबूलाल मीणा पर ट्रैक्टर-टैंकर चढ़ाने का प्रयास भी किया।
इसके बाद विभागीय टीम ने करीब 20 किलोमीटर तक पीछा कर एक ढाणी के पास ट्रैक्टर-टैंकर को पकड़ लिया। आरोपी चालक सहित ट्रैक्टर-टैंकर को पुलिस के हवाले कर दिया गया। चालक के विरुद्ध जानलेवा हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पानी चोरी कर अवैध व्यापार करने तथा पानी की बर्बादी रोकने संबंधी धाराओं में पचपदरा पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी से पेनल्टी एवं जुर्माना राशि वसूलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि पाइपलाइन से अवैध रूप से पानी चोरी कर व्यापार करने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
