जानकारी के अनुसार लूखू निवासी सुखदेव (14) पुत्र उमाराम शनिवार सुबह घर से स्कूल के लिए निकला था। उसके घर से स्कूल करीब दो किलोमीटर दूर है। वह स्कूल से करीब 500 मीटर पहले पहुंचा ही था कि लूखू से शोभला की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बाछड़ाऊ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल छात्र को निजी वाहन से धोरीमन्ना हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को धोरीमन्ना हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद चालक फरार
ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के वक्त कार में दो लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार काफी तेज गति में थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा।
कार पर हरियाणा सीरीज के नंबर लगे हुए हैं। हादसे में कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस को कार से कुछ मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
बाछड़ाऊ चौकी के एएसआई यूसूफ खान ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
