बालोतरा पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन विषदमन के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी वोराराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृताधिकारी पचपदरा के सुपरविजन में थाना कल्याणपुर पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

दरसअल 8 फरवरी 2026 को जिले के थाना मण्डली पुलिस द्वारा गश्त के दौरान आरोपी सोहनलाल के कब्जे से अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान सोहनलाल ने पूछताछ में बताया कि उसने यह मादक पदार्थ वोराराम से खरीदा था।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी वोराराम की लगातार तलाश की लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ट्रकों में रहकर फरारी काटता रहा। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर बालोतरा पुलिस द्वारा उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

इसके बाद थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार निगरानी रखी। आखिरकार पुलिस ने वांछित आरोपी वोराराम को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।