बालोतरा


भीषण गर्मी इस दौर में बालोतरा जिले में जलदाय विभाग की पाइप लाइनों से अवैध जल संबंध स्थापित कर पानी चोरी करने वालों के खिलाफ विभाग ने सख्त कार्रवाई की जा रही है। जलदाय विभाग ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चार प्रकरण दर्ज करवाए गए हैं तथा पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।


जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा ने बताया कि उम्मेदसागर एवं समदड़ी उपखंड परियोजना की मुख्य पाइप लाइन से पूर्ण गांव में अवैध जल संबंध स्थापित कर पानी चोरी करने के मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ समदड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह कार्रवाई सहायक अभियंता की रिपोर्ट के आधार पर की गई।

इसी प्रकार रोड़वा खुर्द गांव में विभागीय हैंडपंप को जेसीबी से उखाड़कर उसके बोर में मिट्टी भरने तथा हैंडपंप को पुनः क्षतिग्रस्त करने के मामले में भी मंडली थाने में प्रकरण दर्ज करवाया गया है। विभाग ने इसे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का गंभीर मामला बताया है।

परियोजना पोखरण फलसूंड बालोतरा सिवाना की मुख्य पाइप लाइन के एयर वाल्व को क्षतिग्रस्त कर टैंकरों के माध्यम से अवैध रूप से पानी बेचने के मामले में पचपदरा थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया। कार्रवाई के दौरान टैंकर एवं ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया है।

वहीं गांव भीमरलाई में विभागीय पाइप लाइन पर दो से तीन अवैध कनेक्शन स्थापित कर निजी टांकों में पानी एकत्रित कर टैंकरों से बेचने के मामले में भी विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विभाग ने बताया कि आरोपी द्वारा विभागीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ सरकारी राजस्व की हानि भी की गई है।

जलदाय विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से पानी चोरी करने वालों के खिलाफ जुर्माना एवं पेनल्टी की वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी। राशि जमा नहीं करवाने की स्थिति में पीडीआर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

विभाग ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी गांव या शहर में अवैध जल संबंध अथवा पानी चोरी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।