बालोतरा ।


जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, छींटाकशी एवं अन्य अभद्र घटनाओं की रोकथाम तथा मनचलों के विरुद्ध जिले में विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाकर पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने तीन मनचलों को मनचलों को गिरफ्तार किया है। 


बालोतरा पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़, पीछा करने और अभद्र टिप्पणियों जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जिलेभर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के सुपरविजन में तथा पचपदरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने सादा वेश में शहर के संवेदनशील इलाकों में निगरानी रखी।

बालोतरा शहर में चलाए गए डिकॉय ऑपरेशन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने मुंगड़ा स्कूल ग्राउंड क्षेत्र में तीन संदिग्ध युवकों को घूमते देखा। पूछताछ में उनकी पहचान महेन्द्र कुमार, करण और हितेश कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 126/170 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा शहर के मुख्य बाजार, कोचिंग सेंटर, स्कूल-कॉलेज, पार्क और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करने, पीछा करने और परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।

बालोतरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसे डिकॉय ऑपरेशन जारी रहेंगे ताकि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और असामाजिक तत्वों में कानून का डर बना रहे।

डिकॉय ऑपरेशनः- डिकॉय ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, मॉल, सिटी एरिया, स्कूल, कॉलेज एवं पार्क आदि स्थानों पर महिलाओं एवं छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करने,पीछा करने एवं परेशान करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करना है। टीम द्वारा अलग-अलग समय पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी गई। डिकॉय ऑपरेशन में कालिका टीम द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई गई।