बाड़मेर डीएसटी टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब 18 महीनों से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था। पुलिस ने आरोपी को तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से पकड़कर बायतु थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है।
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी के निर्देश पर जिलेभर में वांटेड और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान एएसपी नितेश आर्य के सुपरविजन और डीएसटी प्रभारी आदेश कुमार के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बायतु थाना पुलिस ने 28 अक्टूबर 2024 को मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 क्विंटल 80 किलो डोडा-पोस्त जब्त किया था। इस मामले में आरोपी चैनाराम पुत्र लुंभाराम निवासी छीतर का पार, नागाणा जिला बाड़मेर फरार चल रहा था। आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन वह पुलिस गिरफ्त से बचता रहा।
लंबे समय तक फरार रहने के चलते एसपी बालोतरा ने 30 मई 2025 को आरोपी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। इसके बाद डीएसटी टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और तकनीकी आधार पर लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए बायतु थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल गोपाल जाणी, कॉन्स्टेबल हरलाल, नखतसिंह और रामस्वरूप की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने दावा किया है कि पिछले तीन दिनों में चार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक 20 हजार रुपए का, दो 15-15 हजार रुपए के और एक 1 हजार रुपए के इनामी आरोपी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में फरार और वांटेड अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।