बाड़मेर
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र के तीन दिवसीय प्रवास के तहत बाड़मेर जिला मुख्यालय के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद किया।
प्रातः बालोतरा स्थित आवास पर कैलाश चौधरी से संसदीय क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने मुलाकात कर क्षेत्रीय विषयों एवं जनसमस्याओं को लेकर चर्चा की। इसके पश्चात वे बाड़मेर के लिए रवाना हुए। रास्ते में बायतु मुख्यालय स्थित लोक देवता खेमा बाबा मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बाड़मेर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने हरलाल जाट छात्रावास में स्वागत किया। कैलाश चौधरी ने स्व. हरलाल जाट की प्रतिमा को माल्यार्पण कर नमन किया।
बंगाल में जनता के अटूट विश्वास की जीत : बाद में बाड़मेर भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा किसान मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए कैलाश चौधरी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं के संघर्ष, त्याग, समर्पण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के अटूट विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में विषम परिस्थितियों, राजनीतिक हिंसा और लगातार उत्पीड़न के बावजूद पार्टी की विचारधारा के लिए अथक परिश्रम किया। यदि कार्यकर्ता यह सोचकर पीछे हट जाते कि वहां जीत संभव नहीं है, तो आज यह ऐतिहासिक सफलता कभी प्राप्त नहीं होती।
राजस्थान में रिपीट होगी भाजपा सरकार: उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, गरीब कल्याण योजनाओं और राष्ट्रहित के फैसलों के कारण जनता का भाजपा के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। इसी विश्वास के चलते पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में भाजपा ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। कैलाश चौधरी ने कहा कि जब पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बना सकती है तो राजस्थान में भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार के जनहितकारी कार्यों के आधार पर पुनः प्रचंड बहुमत से सरकार बनाना संभव है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी मजबूती के साथ जुटना होगा।
उन्होंने आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर भी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पंचायत समिति एवं जिला परिषद के सभी बोर्ड भाजपा के बनाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना होगा। बैठक के पश्चात कैलाश चौधरी ने भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याएं सुनीं तथा समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
चंचलप्राग मठ में किए दर्शन : इसके बाद कैलाश चौधरी जटिया रेगर समाज हनुमान मंदिर में टीम बाड़मेर द्वारा आयोजित अभिरुचि प्रशिक्षण शिविर के पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए तथा युवाओं के व्यक्तित्व विकास एवं कौशल संवर्धन के प्रयासों की सराहना की। प्रवास के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी श्री चंचल प्राग मठ भी पहुंचे, जहां उन्होंने ब्रह्मलीन सिद्ध संतों एवं महंतों की समाधियों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने महंत शंभूनाथ सैलानी का आशीर्वाद भी लिया। प्रवास के दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा कैलाश चौधरी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण सिंह राजपुरोहित, भाजपा जिलाध्यक्ष अनंत राम बिश्नोई, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, भाजपा नेता बालाराम मूढ़, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पुरखाराम मांजू, सहित जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
