बालोतरा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां पर एक पत्नी ने अपनी प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी।
गिड़ा थाना अंतर्गत मलवा गोयलान निवासी महेंद्र मेघवाल (23) की उसकी पत्नी अनु देवी (23) ने अपने सरकारी अध्यापक प्रेमी अमराराम (26) निवासी तिलवाड़ा के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। युवक का शव परिजनों को शनिवार सुबह कमरे में मिला। जिस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार थानाधिकारी दलपतसिंह चौधरी ने बताया कि महेंद्र मेघवाल की शादी करीब 4 साल पहले बागुंडी निवासी अनु देवी से हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। कई बार समाज की मध्यस्थता से समझौते भी करवाए गए।
शुक्रवार को की थी हत्या
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शुक्रवार को दोनों पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। और उसके बाद पत्नी ने प्रेमी अमराराम को बुलाया और उसके बाद दोनों ने मिलकर महेंद मेघवाल की गला दबाकर हत्या कर दी।
परिजनों को हुआ शक
शनिवार सुबह जब महेंद्र मेघवाल अपने घर से बाहर नहीं आया तो आस पास रहने वाले परिजनों को शक हुआ और जब परिजनों ने महेंद्र के घर जाकर देखा तो उसका शव चारपाई पर पड़ा था। इसकी तुरंत सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना स्थल का जायजा लिया और शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
पत्नी अनु से की पूछताछ
पुलिस ने बताया कि महेंद्र के भाई मगाराम ने जो रिपोर्ट दी उस आधार पर मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पत्नी अनु से पूछताछ की गई तो उसने प्रेमी अमराराम का नाम पुलिस को बताया। पुलिस ने प्रेमी अमराराम को हिरासत में ले पूछताछ की जिससे दोनों ने हत्या करना कबूल किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार का कार्यवाही शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार प्रेमी अमराराम प्राथमिक विद्यालय में एक थर्ड ग्रेड अध्यापक है।
