बालोतरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण कर देश ओर प्रदेश को बड़ी सौगात देंगे। सूबे की सरकार अपने इस ड्रीम प्रोजेक्ट के लोकार्पण कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। पीएम मोदी के दौरे को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पचपदरा दौरे पर पहुंचे। यहां पर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।



भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़,मुख्य सचिव श्रीनिवास, डीजीपी राजीव , प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत, राज्यमंत्री के.के बिश्नोई , पचपदरा विधायक अरुण चौधरी, सिवाना विधायक हमीरसिंह भायल , चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल , बाड़मेर विधायक डॉ प्रियंका चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई एवं बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार, एसपी रमेश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद है।


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा दौरे को लेकर तैयारियां का जायजा लेने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी का अवलोकन करने के बाद वे रिफाइनरी परियोजना की प्रगति, व्यवस्थाओं और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा कर रहे है।


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पचपदरा रिफाइनरी को लेकर पोस्ट करते हुए इसे वर्षों की तपस्या और अटूट प्रतिबद्धता का प्रतिफल बताया। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से वर्ष 2018 में पचपदरा स्थित HPCL राजस्थान रिफाइनरी की जो नींव रखी गई थी, आगामी 21 अप्रैल 2026 को वह राष्ट्र को समर्पित होने जा रही है।

उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि विगत सरकार की उदासीनता को पीछे छोड़, 'डबल इंजन' सरकार के प्रयासों से अब राजस्थान देश की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक प्रगति का नया केंद्र बनेगा।  शर्मा ने यह भी कहा कि यह सिर्फ एक रिफाइनरी नहीं, प्रदेश के सामाजिक- आर्थिक उत्थान का प्रतीक है।