जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुस्साए पति ने पत्नी और 8 साल की बेटी की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी रात भर शव के पास ही बैठा रहा। आरोपी पति ने पहले तलवार से पत्नी के गले पर वार कर उसे मार डाला और फिर 8 साल की बेटी का गला दबा दिया। पूरा घटनाक्रम मौजमाबाद तहसील के मोखमपुरा थाना इलाके के बिचून गांव का है।
सुबह 6 बजे के करीब जब लोग मॉर्निंग वॉकिंग के लिए निकले तो आरोपी ने उनको बताया कि उसने पत्नी और बेटी दोनों को मार डाला। हालांकि, ग्रामीणों को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ। हालांकि, आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वहीं स्वयं आरोपी ने मोखमपुरा थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
आरोपी ने भाई मंजीत सिंह ने बताया कि 40 वर्षीय सुरजीत सिंह मोखमपुरा रोड़ पर पत्तल दोने की फैक्ट्री में काम करता था। करीब एक साल पहले उसे टीबी की बीमारी हो गई थी। घर में आर्थिक तंगी रहने लगी तो अकसर घर में झगड़ा होता था। सुरजीत के पिता वन विभाग में कार्यरत थे, जो रिटायर्ड है। जो अलग रहते हैं।
शादी में गए थे बेटा और भाई
दूदू के एएसपी शिवलाल बैरवा ने बताया कि बुधवार को सुरजीत का 16 साल का बेटा परमजीत अपने चाचा मंजीत के साथ डीडवाना में कहीं शादी में गए थे। रात को घर में सुरजीत, उसकी पत्नी सरोज देवी (35) और 8 साल की बेटी वंशिका ही थे। मां -बेटी सोने के लिए छत पर चले गए थे।
जाग गई थी बेटी
कहा जा रहा है कि रात करीब साढ़े 12 बजे सुरजीत तलवार लेकर छत पर आया और पत्नी के गले पर वार कर दिया। मां की चीख सुनकर बेटी नींद आए जाग गई। आरोप है कि इसके बाद सुरजीत ने गला दबाकर अपनी 8 वर्षीय बेटी वंशिका को भी मार डाला।
शवों के पास बैठा रहा आरोपी
ग्रामीणों का कहना है कि मां -बेटी की हत्या करने के बाद आरोपी रात भर उनके शवों के पास बैठा रहा। सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तो चिल्ला चिल्ला कर लोगों को बताने लगा कि उसने अपनी पत्नी और बेटी दोनों को मार दिया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तब तक आरोपी खुद सरेंडर करने थाने पहुंच गया।
हिरासत में आरोपी
दूदू एएसपी शिवराज बैरवा के अनुसार पुलिस ने आरोपी सुरजीत को डिटेन कर लिया है। पुलिस ने मौके पर एफएसएल और एमओबी टीमों को भेजकर साक्ष्य जुटाए है। शवों का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
