राजस्थान के सलूंबर में मां -बेटी से जहर खाकर सुसाइड कर लिया। खाना खाने के बाद मां -बेटी सोने के लिए कमरे में गई थी। पति बरामदे में सो रहा था। रात करीब 1 बजे मां बेटी के उल्टी करने की आवाज आने लगी। पति कमरे तक पहुंचा। लेकिन, दरवाजा अंदर से बंद था। पूरा घटनाक्रम सलूंबर थाना क्षेत्र का है।
पति ने दरवाजा खटखटाया, नहीं खोलने पर पति ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर पहुंचा तो मां बेटी दोनों अचेत पड़े थे। दोनों को पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। दोनों को एमबी हॉस्पिटल उदयपुर रेफर कर दिया।
एएसआई भूपेंद्र कुमार के मुताबिक 40 वर्षीय महिला और उसकी 17 वर्षीय बेटी की मौत हो गई है। 20 मार्च की रात को करीब 9 बजे पति -पत्नी और बेटी ने खाना खाया। खाने के बाद मां बेटी कमरे में सोने चले गए। पति ने उल्टियां करने की आवाज सुनी तो कमरे में दाखिल होकर दोनों को पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। दोनों को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर कर दिया गया।
रास्ते में मां ने तो इलाज के दौरान बेटी ने तोड़ा दम
उदयपुर रेफर के दौरान रात में करीब 3 बजे मां ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं इलाज के दौरान बेटी ने शनिवार दोपहर करीब 2 बजे दम तोड़ दिया। डॉक्टर्स ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए।
पति ने की जांच की मांग
मृतका का पति खेती किसानी का काम करता है। पति ने पुलिस को रिपोर्ट सौंपकर जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
