राजस्थान के बालोतरा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए शव को पाली जिले के एक कुएं में फेंक दिया।
मामला बालोतरा जिले के समदड़ी थाना क्षेत्र के बामसनी गांव का है। मृतक की पहचान बचिया उर्फ सुरेश के रूप में हुई है, जो सिवाना क्षेत्र में मजदूरी करता था।
विवाद बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को वीर बापजी मंदिर के पास सुरेश का ईश्वर भील से विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
23 अप्रैल की शाम आरोपियों ने सुरेश को देवड़ा गांव की सरहद में रेलवे फाटक के पास रोक लिया। पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर उसे किडनैप कर सुनसान जगह ले जाया गया, जहां बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।
शव ठिकाने लगाने की साजिश
हत्या के बाद आरोपी शव को बाइक और फिर ईको वैन में डालकर कई किलोमीटर दूर पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र के राणा गांव ले गए। वहां एक कुएं में शव फेंक दिया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
2 मई को सूचना मिलने पर जेतपुर और समदड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। शाम करीब 6 बजे कुएं से शव बाहर निकलवाया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
 छोटे भाई के गम में बड़े भाई ने की आत्महत्या
इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। सुरेश के लापता होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। इसी बीच मानसिक तनाव और सदमे में उसके बड़े भाई ने 27 अप्रैल को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
एक ही परिवार में दो बेटों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें खाखरलाई गांव निवासी किशनाराम (27), गणपतराम (31), टीकमराम (27), जगदीश (31) और हिंगाराम (18) शामिल हैं।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।