राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के गढ़ी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक पागल कुत्ते ने पूरे गांव में दहशत फैला दी। महज दो घंटे के भीतर कुत्ते ने 36 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले में एक 5 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके गाल पर 15 से ज्यादा टांके लगाने पड़े। घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में कैद हो गए।
मामला गढ़ी थाना क्षेत्र के मोरड़ी गांव का है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8 बजे कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और गांव में घूमते हुए लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। शुरुआत में लोगों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार लोगों को काटता रहा।
घर के बाहर खेल रही बच्ची पर हमला
घटना के दौरान घर के बाहर खेल रही 5 साल की बच्ची पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। बच्ची के पिता महेश ने बताया कि उनकी बेटी पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी कुत्ता वहां पहुंचा और बच्ची के चेहरे पर हमला कर उसका गाल नोंच लिया।
बच्ची को बचाने पहुंचे ग्रामीणों पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। घायल बच्ची को पहले परतापुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसके गाल पर 15 से अधिक टांके लगाए गए हैं।
बुजुर्ग सहित कई लोग घायल
कुत्ते के हमले में एक बुजुर्ग का अंगूठा भी बुरी तरह जख्मी हो गया। गांव में जिस किसी ने भी कुत्ते को रोकने या मारने की कोशिश की, वह उसके हमले का शिकार बन गया।
परतापुर सीएचसी के डॉक्टर अजपाल सिंह ने बताया कि कुत्ते के काटने से घायल 36 लोगों को अस्पताल लाया गया था। सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। इनमें से 34 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची और एक बुजुर्ग को बांसवाड़ा रेफर किया गया।
गांव में मचा डर, लोग घरों में कैद
लगातार हो रहे हमलों के कारण गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर के कारण घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना गढ़ी थाना पुलिस को भी दी।
करीब साढ़े 11 बजे ग्रामीणों ने मिलकर कुत्ते को घेर लिया और उसे मार डाला। इसके बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली।