जयपुर।
पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की बंपर जीत को लेकर अब जहां भाजपा पूरे देश में जश्न मना रही है तो वहीं विपक्षी दल इस मामले में को लेकर सरकार पर हमलावर हैं।राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जिस तरह से बंगाल में एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया है। लोगों को डराया-धमकाया गया है। धनबल के आधार पर सत्ता को लूटकर लोकतंत्र की हत्या की गई है। ऐसी ही उम्मीद राजस्थान भाजपा के नेता भी कर रहे हैं, लेकिन इन्हें कान खोलकर सुन लेना चाहिए। जैसी लूट भाजपा ने बंगाल में की है, वैसा राजस्थान में नहीं होने देंगे।
डोटासरा ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री झालमुरी खाकर खुशी मना रहे हैं। इन्होंने कौन सा बड़ा काम बंगाल में किया है। यह केवल इसलिए फोटो खिंचवा रहे हैं, ताकि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को दिखा सकें कि हम में कोई मतभेद नहीं है हम सब एकजुट हैं।
राजेंद्र राठौड़ के सवाल पर डोटासरा ने कहा है कि कोई चुनावी प्रचार में जाता है तो पार्टी उसे सोच समझकर ड्यूटी देती है तो उनका योगदान तो रहता ही है। लेकिन, जो हारा हुआ आदमी जाता है ना ? और वो वहां योगदान बताता है और यहां हार जाता है, तो जनता थोड़ा सवाल खड़ा करती है।
डोटासरा ने कहा कि ये बताओ कि जीता हुआ आदमी जाता है तो समझ ने आता है कि ये जीता हुआ है तो ज्ञान होगा, इसने वहां भी जीता, यहां भी जिताया है। वो बात तो समझ में आती है। तंज कसते हुए डोटासरा ने कहा कि लेकिन, वो कैलाश जी भाईसाहब भी गए थे बाड़मेर वाले, राठौड़ साहब भी गए थे और राहुल चतुर्वेदी भी गए थे तो अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि मैं आज उनकी खुशी को फीकी नहीं करना चाहता। डोटासरा ने कहा कि यहां पंचायती राज और नगर निकाय के चुनाव कराओ, पता लग जाएगा कि कितने पानी के हो ?
