बाड़मेर
जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र में संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। क्षेत्र के दूरस्थ एवं ग्रामीण इलाकों में नेटवर्क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए 7 नए मोबाइल टावरों की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई है।
यह स्वीकृति केंद्रीय संचार मंत्रालय द्वारा जारी की गई है, जिसके तहत ग्राम स्तर पर नेटवर्क सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिन स्थानों पर टावर स्थापित किए जाएंगे, उनमें हाथला का पार, खुड्ड, मेघवालों का पार, बॉर्डर क्षेत्र, पुंगरिया का पार, कडवाणी का पार, गोहडियाला सहित अन्य दूरदराज क्षेत्र शामिल हैं।
इस पहल से इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट कनेक्टिविटी और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा। लंबे समय से नेटवर्क समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह निर्णय राहत भरा साबित होगा।
स्थानीय विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के विकास और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच और अधिक आसान होगी।
